ट्रामाडोल की बिक्री-भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा, काशीपुर में तीन मेडिकल फर्मों पर कार्रवाई

दो प्रतिष्ठानों की दवा खरीद-बिक्री पर रोक, एक फर्म सील; नाइस मेडिकोज को सात दिन में अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। ट्रामाडोल की बिक्री एवं भंडारण के सत्यापन को लेकर प्रशासन और औषधि विभाग ने  नग4 क्षेत्र में बुधवार को व्यापक जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश एवं उप औषधि नियंत्रक के निर्देशन में उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में औषधि विभाग ऊधमसिंह नगर एवं नैनीताल तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय और भंडारण से संबंधित अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान जय लक्ष्मी सर्जिकल और बंसल फार्मास्यूटिकल में ट्रामाडोल की खरीद के सापेक्ष बिक्री एवं भुगतान संबंधी अभिलेखों का सत्यापन संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के औषधि संबंधी क्रय-विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाते हुए प्रतिष्ठान बंद कराने की कार्रवाई की गई। वहीं, मोहल्ला अल्लीखां स्थित यूनिक सर्जिकल के फर्म स्वामी के मौके से चले जाने तथा बुलाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर प्रशासन ने फर्म को सील कर दिया। इसी क्रम में नाइस मेडिकोज को ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय से संबंधित समस्त दस्तावेज एवं अभिलेख सात दिवस के भीतर सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मेडिकल प्रतिष्ठानों को औषधियों के क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित अभिलेख नियमानुसार संधारित करने के निर्देश भी दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री, भंडारण और वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में ट्रामाडोल सहित अन्य मनःप्रभावी औषधियों के अवैध अथवा अनियमित क्रय-विक्रय और भंडारण की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण दल में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नैनीताल मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर निधि शर्मा एवं शुभम कोटनाला तथा औषधि निरीक्षक नैनीताल अर्चना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिस कर्मी शामिल रहे।

👁 2,115 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *