पशुपतिनाथ मंदिर में 20 नवंबर से होगा भगवान श्री लक्ष्मी नारायण की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

भव्य कलश यात्रा से होगा धार्मिक आयोजन का शुभारंभ, 21 नवंबर को सजेगी भजन संध्या, 22 नवंबर को हवन-यज्ञ औऱ भंडारा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता। पशुपति विहार, वार्ड नंबर-2 स्थित प्राचीन पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान श्री लक्ष्मी नारायण की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, कलश यात्रा, भजन संध्या एवं हवन-यज्ञ के माध्यम से पूरा वातावरण भक्तिमय होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। धार्मिक महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार, 20 नवंबर को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके उपरांत प्रातः 10 बजे भगवान श्री लक्ष्मी नारायण की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के निमित्त विधि-विधान से पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 21 नवंबर को प्रातः 9 बजे पूजा-पाठ होगा। वहीं, सायं 5 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालु भगवान की भक्ति में लीन होंगे। रविवार, 22 नवंबर को महोत्सव का समापन धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। इस दिन प्रातः 9 बजे गणेश पूजा, प्रातः 11 बजे हवन-यज्ञ तथा दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मोहल्ला रहमखानी निवासी हरीश कुमार सिंह (एडवोकेट), सचिन प्रताप सिंह-नूपुर सिंह (श्वेता), अभिषेक सिंह-स्वाति सिंह, अमन कुमार सिंह-शिवानी सिंह, आर्यमन प्रताप सिंह, आर्यवर्धन सिंह, वीर प्रताप सिंह एवं भगवान श्री लक्ष्मी नारायण भक्तों ने समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, आध्यात्मिक चेतना और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। सभी श्रद्धालु इस पावन अवसर पर पहुंचकर भगवान श्री लक्ष्मी नारायण का आशीर्वाद प्राप्त करें और धर्मलाभ अर्जित करें।

👁 1,057 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *