गाइडेन्त्रा के सहयोग से आयोजित मेले में विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने दी करियर संबंधी जानकारी
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में आज मंगलवार को कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के बेहतर विकल्पों से रूबरू कराने के उद्देश्य से एजुकेशन एवं करियर काउंसलिंग फेयर का भव्य आयोजन किया गया। गाइडेन्त्रा की ओर से आयोजित इस मेले में उत्तराखंड के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कक्षा 12वीं के बाद करियर का चुनाव विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। ऐसे समय में सही मार्गदर्शन मिलना बेहद आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता को पहचानकर ही करियर का चयन करना चाहिए, ताकि वे अपने लक्ष्य की दिशा में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। काउंसलिंग फेयर में एल्पाइन यूनिवर्सिटी, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, यूपीईएस, स्वामी राम हिमालयन यूनिवर्सिटी और माइंड पावर यूनिवर्सिटी सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों, प्रबंधन, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अन्य रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया।
इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया, शैक्षणिक सुविधाओं, भविष्य में रोजगार की संभावनाओं और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी रुचि के अनुरूप विषयों और पाठ्यक्रमों के चयन के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया। कार्यक्रम में गाइडेन्त्रा की शाजीन सैफी एवं सुहानी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के साथ विद्यार्थियों को करियर संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अमित नेगी, धर्मराज बिष्ट, आरती चौधरी, सपिन्दरजीत कौर, श्रीनिवास जोशी, उमेश शर्मा एवं राहुल तिवारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी साबित हुआ। करियर काउंसलिंग फेयर के माध्यम से विद्यार्थियों को 12वीं के बाद उच्च शिक्षा के विविध विकल्पों को समझने, अपनी क्षमताओं का आकलन करने और भविष्य के लिए सही दिशा निर्धारित करने का अवसर मिला।
सही करियर का चुनाव ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव : प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे
विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने की जरूरत
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. एसके चौबे ने कहा कि कक्षा 12वीं के बाद विद्यार्थियों के जीवन में करियर का चुनाव एक महत्वपूर्ण निर्णय होता है। इस समय लिया गया सही निर्णय उनके भविष्य की दिशा निर्धारित करता है। आज शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में असीमित अवसर उपलब्ध हैं, लेकिन सही जानकारी और उचित मार्गदर्शन के अभाव में विद्यार्थी कई बार अपनी रुचि के अनुरूप विकल्प नहीं चुन पाते। ऐसे में एजुकेशन एवं करियर काउंसलिंग फेयर विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को दूसरों की देखा-देखी करियर चुनने के बजाय अपनी रुचि, योग्यता, क्षमता और लक्ष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ना चाहिए। विद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ भविष्य निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी मिले। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ सही निर्णय लेने और अपने सपनों को साकार करने में मददगार साबित होंगे।







