महिला, पुरुष एवं मिक्स नेटबॉल वर्ग के लिए खिलाड़ियों का होगा चयन, सुबह 9 बजे खेल मैदान में पहुंचना अनिवार्य
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। उधम सिंह नगर जनपद की नेटबॉल सीनियर टीम के गठन के लिए आगामी 16 नवंबर 2026 को चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। यह ट्रायल काशीपुर स्थित द संस्कार स्कूल, नियर आईजीएल टर्न के खेल मैदान में आयोजित होगा। इसमें महिला एवं पुरुष वर्ग के साथ-साथ मिक्स नेटबॉल टीम के लिए भी खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ियों को सुबह 9 बजे तक निर्धारित खेल मैदान में पहुंचना होगा। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, एनएफआई आईडी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है। चयन ट्रायल के माध्यम से योग्य खिलाड़ियों का चयन कर उधम सिंह नगर जनपद की सीनियर नेटबॉल टीम तैयार की जाएगी।
ट्रायल के दौरान निर्णायक की भूमिका में उधम सिंह नगर नेटबॉल एसोसिएशन के सचिव अमित (बाबा), अध्यक्ष डॉ. राहुल पैगिया तथा 38वें राष्ट्रीय खेल के पदक विजेता मनीष शर्मा मौजूद रहेंगे। वहीं, प्रतियोगिता की चयन एवं निर्णायक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में एनआईएस डिप्लोमा होल्डर कोच देवेंद्र शर्मा (देबू भाई) और मनीष शर्मा की प्रमुख भूमिका रहेगी। आयोजकों ने नेटबॉल खेल में रुचि रखने वाले महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि जनपद को बेहतर और प्रतिभाशाली खिलाड़ी मिल सकें।



