उत्तराखंड के शिक्षा जगत में एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी को मिली नई पहचान

हल्द्वानी। उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए काशीपुर स्थित एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अकादमी को शैक्षिक सत्र 2025–26 के लिए जिला स्तर एवं राज्य स्तर पर एक साथ दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए बल्कि काशीपुर, ऊधम सिंह नगर जनपद और पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। यह सम्मान समारोह हल्द्वानी में गरिमामयी वातावरण में आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा, प्रशासन और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे। उनके साथ मंच पर राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, विधि क्षेत्र के प्रमुख लोग एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता पर केंद्रित कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। आयोजकों ने बताया कि इस सम्मान का उद्देश्य उन शिक्षण संस्थानों को प्रोत्साहित करना है, जो परंपरागत शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, मूल्य आधारित शिक्षा और समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण पैनल चर्चा का आयोजन भी किया गया, जिसमें शिक्षा के वर्तमान स्वरूप और भविष्य की दिशा पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इस चर्चा में हल्द्वानी विधायक सुमित ह्रदयेश, राज्य मंत्री रेनू अधिकारी, शिक्षा विशेषज्ञ कौस्तुभ नंद, दिनेश आर्य, भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर आर्य, उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष डीसीएस रावत, सचिव सौरभ अधिकारी तथा मनजीत सिंह ने भाग लिया। पैनलिस्ट्स ने अपने संबोधन में कहा कि आज की शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, अनुभव आधारित शिक्षण और शिक्षक-छात्र संवाद को भविष्य की शिक्षा प्रणाली का आधार बताया। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार शिक्षा पद्धतियों में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षकों के सतत प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल ने अपने मूल्यांकन में यह पाया कि अकादमी ने आधुनिक तकनीक को पारंपरिक मूल्यों के साथ संतुलित करते हुए शिक्षा का एक प्रभावशाली मॉडल प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों ने अकादमी प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करता रहेगा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, और पूरे आयोजन में उत्साह व सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
जिला व राज्य स्तरीय दोहरा सम्मान काशीपुर सहित पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व

काशीपुर। नगर के आईजीएल रोड स्थित एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी को प्राप्त जिला व राज्य स्तरीय दोहरा सम्मान काशीपुर सहित पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बन गया है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इस उपलब्धि को अकादमी की निरंतर मेहनत, नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का परिणाम बताया है। शिक्षाविदों का मानना है कि इस सम्मान से न केवल एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है, बल्कि इससे अन्य शिक्षण संस्थानों को भी शिक्षा में नवाचार, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और गुणवत्ता को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने भी अकादमी प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताया है।
शिक्षा में नवाचार से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य : सौरभ बहुगुणा

काशीपुर। मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि काशीपुर स्थित एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी जैसे शिक्षण संस्थान राज्य में शिक्षा के स्तर को निरंतर ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा में नवाचार अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही नवाचार भविष्य की पीढ़ी को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार करता है। सौरभ बहुगुणा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, आधुनिक तकनीक और मूल्य आधारित शिक्षा के माध्यम से ऐसे संस्थान समाज को एक नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की पहलें राज्य के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
चेयरमैन सुखविंदर ने जताया आभार, भविष्य की योजनाएं की साझा

कशीपुर। अकादमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने इस दोहरे सम्मान के लिए निर्णायक मंडल और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अकादमी के शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के विश्वास का प्रतिफल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक और आत्मनिर्भर व्यक्ति के रूप में तैयार करना है। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में अकादमी द्वारा शिक्षा में और अधिक नवाचार लाने, डिजिटल संसाधनों के विस्तार, शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने और विद्यार्थियों के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा भारत विश्व गुरु कल भी था और आज भी है।
दोहरे सम्मान से शिक्षकों व विद्यार्थियों में हर्ष
काशीपुर। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर दोहरा सम्मान प्राप्त होने के बाद एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी में उल्लास का माहौल बन गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए। शिक्षकों ने कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयास, अनुशासित कार्यसंस्कृति और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का प्रतिफल है। वहीं विद्यार्थियों ने इसे अपनी मेहनत, लगन और नियमित अध्ययन का परिणाम बताया। विद्यालय परिसर में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर परिणामों की उम्मीद जताई। शिक्षकों का कहना है कि यह सम्मान उन्हें नवाचार और गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ने की नई प्रेरणा देगा। विद्यार्थियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में अकादमी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छुएगी और काशीपुर सहित पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन करेगी।
