आशीष बिल्डर्स के “प्रकाश निलयम” में श्रद्धा और संस्कार के साथ मनाया गया मातृ-पितृ पूजन दिवस

बच्चों ने माता-पिता का विधिवत पूजन कर उन्हें पुष्पमालाएँ अर्पित की

काशीपुर। रामनगर रोड स्थित आशीष बिल्डर्स की आवासीय कॉलोनी प्रकाश निलयम में रविवार को सनातन परंपराओं को सहेजते हुए “मातृ-पितृ पूजन दिवस” श्रद्धा, भावनात्मक जुड़ाव और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और बच्चों ने अपने माता-पिता का विधिवत पूजन कर उन्हें पुष्पमालाएँ अर्पित कीं। कार्यक्रम की संयोजक नूपुर गुप्ता ने संचालन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में हमें अपनी मूल सांस्कृतिक जड़ों की ओर लौटने की आवश्यकता है।

उन्होंने आह्वान किया कि फरवरी माह में वैलेंटाइन डे जैसे पाश्चात्य उत्सवों के स्थान पर मातृ-पितृ पूजन जैसे संस्कारपरक आयोजनों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि बच्चों में कर्तव्यबोध, आदर और संस्कारों का विकास हो। उन्होंने गुरुकुलीय शिक्षा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माता-पिता जन्म से लेकर बच्चे के आत्मनिर्भर बनने तक अपना दायित्व निभाते हैं, ऐसे में बच्चों का भी यह नैतिक कर्तव्य है कि वे अपने माता-पिता के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखें। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ते हैं। आयोजन में बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने वातावरण को भावुक और प्रेरक बना दिया। संयोजक ने जानकारी दी कि इसी माह प्रकाश सिटी, प्रकाश हार्मनी, प्रकाश रेजीडेंसी, प्रकाश काउंटी सहित विभिन्न विद्यालयों में भी मातृ-पितृ पूजन दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि समाज में संस्कार, परिवारिक एकता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण हेतु ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में प्राची सोनी, पिंकी, पीहू, नीरज, कुलदीप, सतपाल कुमार, सचिन गुप्ता, शंकर दत्त लोहनी, अमित कुमार, पवन कुमार पांडेय, रविकांत चौहान, गरिमा राजपूत, अरविन्द व कंचन चंद्रवंशी, सीमा भल्ला, बलप्रीत सिंह रौनक, निशान्त आर्या, रोहित शर्मा, अंजलि कंसल, जगदीप सिंह एवं कपिल कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *