काशीपुर की बेटी प्रियंका चौधरी बनीं भारतीय यूथ बॉक्सिंग टीम की कोच

मोंटेनेग्रो में 2 से 12 मार्च तक होने वाली विश्व यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में करेंगी टीम का नेतृत्व

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि शहर की अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर प्रियंका चौधरी को भारतीय यूथ बॉक्सिंग टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वे 2 से 12 मार्च तक मोंटेनेग्रो के बुडवा में आयोजित विश्व यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय टीम का मार्गदर्शन करेंगी। प्रियंका वर्तमान में पुणे में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को कड़ी तैयारी करा रही हैं और 2 मार्च को टीम के साथ चैंपियनशिप के लिए रवाना होंगी। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा विश्व यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम की घोषणा की गई है। महिला वर्ग में 48 किग्रा में सेमब्रेमा मनजूरे प्रसाद, 51 किग्रा में सिमरन, 54 किग्रा में जन्नत, 57 किग्रा में हर्षिका और 60 किग्रा में मीहीरा श्रीपुरापू को टीम में स्थान दिया गया है। सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। पुरुष वर्ग में 50 किग्रा में पियूष, 55 किग्रा में शुभम, 60 किग्रा में योगेश्वर नागर, 65 किग्रा में राहुल गडिया और 70 किग्रा में देवेंद्र चौधरी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित खिलाड़ियों ने हालिया प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम में जगह बनाई है। टीम के साथ कोच प्रियंका चौधरी के अतिरिक्त अजय, संजीव कुमार, हरप्रीत सिंह, फिजियोथैरेपिस्ट भावना भारद्वाज और देवांश जिंदल भी मौजूद रहेंगे। सपोर्ट स्टाफ खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी कौशल और रणनीति पर विशेष ध्यान दे रहा है ताकि प्रतियोगिता में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकें। कोच प्रियंका चौधरी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ी पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय टीम विश्व यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक हासिल करेगी। प्रियंका की इस उपलब्धि से काशीपुर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *