काशीपुर में 1 मार्च को ‘रंगोत्सव’ होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे मुख्य अतिथि

लोक गायकों और ब्रज के रास कलाकारों की प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर निगम प्रांगण में रविवार, 1 मार्च को ‘रंगोत्सव’ होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शनिवार दोपहर महापौर दीपक बाली ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत में महापौर बाली ने बताया कि रंगोत्सव कार्यक्रम प्रातः 11 बजे आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि काशीपुर के इतिहास में यह पहला अवसर होगा जब प्रदेश के मुख्यमंत्री आमजन के बीच उपस्थित रहकर होली मिलन समारोह में प्रतिभाग करेंगे और लोगों के साथ समय व्यतीत करेंगे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक-संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। प्रसिद्ध लोक गायक इंद्र आर्या, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी तथा पूर्वांचल के गायक आलोक कुमार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त ब्रज की फूलों की होली के लिए विख्यात रास कलाकार भी मुख्यमंत्री की गरिमामय उपस्थिति में आकर्षक प्रस्तुति देंगे। महापौर बाली ने मीडिया के माध्यम से आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर रंगोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं। उल्लेखनीय है कि निजी तौर पर आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां पिछले कई दिनों से की जा रही हैं। नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग मुख्यमंत्री के साथ होली मनाने के इस अवसर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *