ज्ञानार्थी कॉलेज में ख्वाइश एनजीओ की संस्थापक आयुषी नगर ने दिया युवाओं को मानवता का संदेश

युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान, महिलाओं के सशक्तिकरण और पशु सेवा पर दिया जोर

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में आयुषी नगर, संस्थापक ख्वाइश एनजीओ, ने विद्यार्थियों को मानवता, सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता का प्रेरणादायी संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है और यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर समाज के लिए कार्य करने का संकल्प ले, तो व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि समाज में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक जीव सम्मान और अवसर का अधिकारी है। उन्होंने बताया कि ख्वाइश एनजीओ के माध्यम से अब तक हजारों जरूरतमंद पशुओं का उपचार किया जा चुका है तथा उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया गया है। आयुषी नगर ने अपने संगठन की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा संचालित स्किल सेंटरों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटी प्रशिक्षण सहित अनेक व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

इन प्रयासों से हजारों महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है तथा वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं। उन्होंने युवा शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने समय का एक हिस्सा समाज सेवा के लिए समर्पित करें और जरूरतमंदों की सहायता में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष संतोष मेहरोत्रा, सेक्रेटरी शिवानी मेहरोत्रा, संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह एवं डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा ने आयुषी नगर का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यशाला ने विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए सेवा और संवेदनशीलता की भावना को और प्रबल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *