एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने की समर्पण और कार्यशैली की सराहना

देहरादून (काशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड पुलिस के जनपद देहरादून में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने की परंपरा के तहत फरवरी 2026 माह के लिए उपनिरीक्षक विजया चौधरी को “पुलिस मैन ऑफ द मंथ” के प्रतिष्ठित प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून आईपीएस प्रमेन्द्र एस डोबाल द्वारा जारी प्रशस्ति पत्र में विजया चौधरी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन अत्यंत निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ किया है। उनके उत्कृष्ट कार्यों से न केवल पुलिस विभाग की कार्यक्षमता में वृद्धि हुई है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी सुदृढ़ हुआ है। प्रशस्ति पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विजया चौधरी ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अनुकरणीय कार्यशैली का परिचय दिया, जो अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। एसएसपी ने विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभाग का नाम रोशन करती रहेंगी। इस सम्मान के मिलने से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। अधिकारियों और सहकर्मियों ने विजया चौधरी को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति और अधिक जिम्मेदार तथा समर्पित बनाते हैं।
