प्रगति मैदान में आयोजित प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी प्रतियोगिता में दिखाया हुनर, संस्थान का नाम किया रोशन

रामनगर/बसई (कशीपुर वार्ता)। राजधानी के प्रगति मैदान स्थित अतिथ्य मण्डपम् में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी प्रतियोगिता में रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, रामनगर के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम गौरवान्वित किया। एसोसिएशन ऑफ हॉस्पिटेलिटी प्रोफेशनल्स के तत्वावधान में “एम्पॉवरिंग हॉस्पिटैलिटी” थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रमुख होटल मैनेजमेंट संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कॉलेज के छात्र दिनेश काराकोटी ने “फ्रेगरेंस फ्लॉवर अरेंजमेंट” प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता, सौंदर्यबोध और पेशेवर कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं चेतन पंत ने “आर्ट ऑफ टेबल सेटअप” श्रेणी में उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल उनकी प्रतिभा और मेहनत को साबित किया, बल्कि यह भी दर्शाया कि रिनेसां कॉलेज में विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग आधारित शिक्षा दी जाती है। इस उपलब्धि पर कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक गुसाईं और डायरेक्टर कुणाल मदान ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, समर्पित मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्र भविष्य में भी ऐसे ही उपलब्धियों से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते रहेंगे। कॉलेज प्रबंधन, फैकल्टी एवं छात्रों ने भी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यार्थियों की सफलता, संस्थान के उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमाण: आलोक गुसाईं

रामनगर/ बसई (काशीपुर वार्ता)। रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट के प्रबन्ध निदेशक आलोक गुसाई ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड एवं ब्रॉन्ज मेडल जीतना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, अनुशासन और हमारे संस्थान के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष परिणाम है। हम सदैव विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दिनेश काराकोटी और चेतन पंत ने अपनी प्रतिभा से संस्थान का नाम रोशन किया है। मैं दोनों को हार्दिक बधाई देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।
