राम सिंह इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर अनिरुद्ध चौहान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे
कशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ज्ञानार्थी कॉलेज में आज एक विशेष करियर एवं मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें राम सिंह इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर अनिरुद्ध चौहान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए सही दिशा और मार्गदर्शन प्रदान करना था।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में अनिरुद्ध चौहान ने विद्यार्थियों को बताया कि सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं जैसे समय प्रबंधन, सिलेबस की समझ और नियमित अभ्यास पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और अपने करियर से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। अनिरुद्ध चौहान ने सभी प्रश्नों के उत्तर सरल एवं प्रभावशाली तरीके से दिए, जिससे विद्यार्थियों को अपनी तैयारी को लेकर स्पष्टता प्राप्त हुई और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा।

इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष संतोष मेहरोत्रा, सेक्रेटरी शिवानी मेहरोत्रा, संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह एवं डायरेक्टर डॉ. मनोज मिश्रा द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। सभी गणमान्य अतिथियों ने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जहां विद्यार्थियों ने इसे अपने करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
