देवीपुरा राजकीय महाविद्यालय में सूर्या फाउंडेशन ने कराया सामूहिक पौधारोपण

ट्री गार्ड के साथ लगाए नीम, आंवला, सहजन, पारिजात, आम, अमरूद व लीची के पौधे

देवीपुरा (कशीपुर वार्ता)। पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना की ओर से ग्राम देवीपुरा स्थित राजकीय महाविद्यालय परिसर में ट्री गार्ड के साथ सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री हरीश उपस्थित रहे। उन्होंने पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुशीला सूद, सूर्या फाउंडेशन के उत्तराखंड क्षेत्र प्रमुख हिमांशु, शिक्षक संध्या कोहली, प्रिया लोहनी, हेमा आर्या, मुस्कान आर्या सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य लोग मौजूद रहे। सामूहिक पौधारोपण के दौरान नीम, आंवला, सहजन, पारिजात, आम, अमरूद और लीची सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। सूर्या फाउंडेशन की ओर से पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड की व्यवस्था भी की गई, जिससे पौधों को सुरक्षित रखने और उनके बेहतर विकास में मदद मिल सके।

मुख्य अतिथि हरीश ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना की ओर से किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
प्राचार्या डॉ. सुशीला सूद ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे भविष्य में विद्यार्थियों और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने पौधों के संरक्षण में महाविद्यालय परिवार के सहयोग का भी आह्वान किया। सूर्या फाउंडेशन आदर्श गांव योजना की ओर से बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और सामाजिक विकास को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

👁 1,027 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *