होली एंजेल पब्लिक स्कूल में ग्रेजुएशन सेरेमनी धूमधाम से सम्पन्न, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

विधायक त्रिलोक सिंह चीमा मुख्य अतिथि के रूप में रहे उपस्थित, पेरेंट्स ओरिएंटेशन के साथ ओपन हाउस भी आयोजित

 

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल, काशीपुर में शनिवार को एक भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह तथा पेरेंट्स ओरिएंटेशन डे का आयोजन एक साथ किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा उपस्थित रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में अंगद चीमा, अनमोल चीमा, डॉ. मनोज मिश्रा (निदेशक, ज्ञानार्थी कॉलेज), प्रीत ढींगरा, डॉ. मनीष अग्रवाल, पायल चौधरी (प्रधान, कुंडेश्वरी), शेखर प्रधान (प्रतापपुर), भास्कर प्रधान (खरमासा), हंसी पंत (प्रधान, भीमनगर) एवं बलवंत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक एवं उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी रहा। छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के सफल समापन को उत्साह, आत्मविश्वास और गर्व के साथ मनाया, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावक भावुक और गौरवान्वित नजर आए। इस दौरान विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। छात्रों की उपलब्धियों पर विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के डायरेक्टर-प्रिंसिपल सुबोध कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए एक प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से विद्यालय की भावी योजनाओं, शैक्षिक दृष्टिकोण एवं विकास की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंतर्गत पेरेंट्स ओरिएंटेशन डे भी आयोजित किया गया, जिसमें अभिभावकों के साथ ओपन हाउस सत्र के जरिए संवाद स्थापित कर उनके सुझाव प्राप्त किए गए। इस पहल को अभिभावकों ने सराहते हुए विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की। समारोह के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार ने समर्पित शिक्षकों एवं प्रशासनिक स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अथक प्रयास, सूक्ष्म योजना एवं उत्कृष्ट टीमवर्क के चलते यह आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार बन सका। अंत में आभार ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसने सभी के मन में गर्व, प्रसन्नता एवं प्रेरणा की अविस्मरणीय छाप छोड़ गया।

शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सशक्त नींव: त्रिलोक सिंह चीमा

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला होती है। होली एंजेल पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित यह ग्रेजुएशन सेरेमनी न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाती है, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विधायक ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो पा रहा है।

समग्र शिक्षा से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव: अमित सिंह

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के नैतिक, सामाजिक और रचनात्मक विकास को भी समान महत्व देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य प्रत्येक छात्र को एक जिम्मेदार एवं सक्षम नागरिक बनाना है। किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी जैसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार करते हैं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अभिभावकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने शिक्षकों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों का संतुलन हमारी प्राथमिकता: सुबोध कुमार सिंह

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। विद्यालय के अकेडमिक डॉयरेक्टर एवं प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देना विद्यालय की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी बच्चों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उनमें आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करता है। मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग को विद्यालय की सफलता का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी—तीनों के सामूहिक प्रयास से ही उत्कृष्ट परिणाम संभव हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *