काशीपुर को जल्द मिलेगा नया रोडवेज बस स्टेशन, 20 सिटी बसें भी होंगी संचालित : प्रदीप बत्रा

भूमि हस्तांतरण पूरा, जल्द शुरू होगा निर्माण; दिवाली से पहले आएंगी नई बीएस-6 बसें

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में परिवहन सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए तेजी से कार्य कर रही है। काशीपुर नगर निगम में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि काशीपुर के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शहर में 44 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। काशीपुर रोडवेज बस स्टेशन की बदहाल स्थिति के संबंध में पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि वर्तमान बस स्टेशन काफी पुराना हो चुका है और वहां पेयजल, जल निकासी सहित कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। नए बस स्टेशन के लिए भूमि का चयन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके साथ ही शहर में छोटे-छोटे आधुनिक बस स्टॉप भी विकसित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के लिए लगभग 20 नई सिटी बसें संचालित करने की योजना है। इनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिलेगी।
दिल्ली मार्ग पर बीएस-6 बसों की कमी के संबंध में मंत्री ने कहा कि परिवहन निगम ने 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिवाली से पहले नई बसें सड़कों पर उतर जाएंगी और काशीपुर को भी उनका पर्याप्त आवंटन मिलेगा। उन्होंने कहा कि शेयरिंग टैक्सी चालकों की समस्याओं के समाधान के लिए भी सरकार विभिन्न प्रस्तावों पर कार्य कर रही है। इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, नगर आयुक्त रविन्द्र बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1,129 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *