मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया ग्रेजुएशन डे, नन्हे विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को बनाया यादगार

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में ग्रेजुएशन डे समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट, उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और आत्मविश्वास ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महापौर दीपक वाली द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। इसके बाद बच्चों ने हनुमान चालीसा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसमें भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता की सुंदर झलक देखने को मिली। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राधेहारी डिग्री कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा भी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रेजुएशन डे समारोह नर्सरी से यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को उनके प्रारंभिक शिक्षा चरण की सफल पूर्णता पर सम्मानित किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने नृत्य, गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देते देख अभिभावक गर्व से अभिभूत नजर आए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

 

 

 

 

 

 

नर्सरी में यथार्थ सिंह प्रथम, अक्षता सिंह द्वितीय और ओम चौहान तृतीय स्थान पर रहे। एलकेजी ‘ए’ में सानवी प्रथम, संघवी द्वितीय तथा काशवी नेगी और युवराज पुष्पक तृतीय स्थान पर रहे। एलकेजी ‘बी’ में रितिका प्रथम, मोहम्मद उजेर द्वितीय और तमन्ना तृतीय स्थान पर रहीं। यूकेजी ‘अ’ में समृद्धि अरोरा प्रथम, आदित्री द्वितीय तथा रिद्धिका यादव और अविरत श्रेष्ठ तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा “मैथ्स मैजिशियन” प्रतियोगिता में ग्रुप वन में कायरा शर्मा विजेता और मननदीप सिंह उपविजेता रहे। ग्रुप टू में सिद्धार्थ नागर गौतम विजेता और भूमिक कुमार सिंह उपविजेता रहे। ग्रुप थ्री में अन्वी चतुर्वेदी एवं अनिकेत यादव विजेता रहे, जबकि भूमिका चौहान और शिवांश अग्रवाल उपविजेता रहे। “मास्टरमाइंड ऑफ जनरल नॉलेज” प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 1 से 3 में मननदीप सिंह विजेता और प्राणिक अग्रवाल उपविजेता रहे। कक्षा 4 से 5 में प्रयाग शैली विजेता और रुशान हमजा सैफी उपविजेता रहे, जबकि कक्षा 6 से 8 में नविका चौहान विजेता और नीरज मीना उपविजेता रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। यह समारोह बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव बना, वहीं अभिभावकों और शिक्षकों के लिए गर्व और खुशी का अवसर साबित हुआ।

महापौर दीपक बाली ने दिया स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिकता का दिया संदेश

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ग्रेजुएशन डे समारोह के मुख्य अतिथि दीपक बाली ने नन्हे विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को नगर की स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया तथा सभी को जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी और सभी से स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने मास्टर इंटरनेशनल स्कूल के निर्माणाधीन सीनियर विंग की भी सराहना करते हुए कहा कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त और अत्यंत भव्य स्वरूप में विकसित हो रहा है, जो विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने विद्यालय के “वेस्ट टू वंडर” अभियान की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि अनुपयोगी वस्तुओं को उपयोगी एवं आकर्षक रूप में बदलना न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश भी देता है। उन्होंने विद्यालय के इस प्रयास को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसे नवाचार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जतिन शर्मा ने की विद्यालय की प्रगति और शिक्षण व्यवस्था की सराहना

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ग्रेजुएशन डे समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राधेहारी डिग्री कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए मास्टर इंटरनेशनल स्कूल की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यालय के अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पद्धति और आधुनिक सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे वातावरण में पढ़ने वाले विद्यार्थी निश्चित रूप से भविष्य में सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। जतिन शर्मा ने जानकारी दी कि विद्यालय बांसखेड़ा अलीगंज रोड पर अपनी सीनियर विंग का निर्माण कर रहा है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस नए परिसर के बनने से विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा और बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा और क्षेत्र के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा।

ग्रेजुएशन डे बच्चों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव: डॉ. गौरव गर्ग

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने ग्रेजुएशन डे समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि यह दिन बच्चों की शैक्षिक यात्रा की मजबूत नींव को दर्शाता है और उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इसके तहत बच्चों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास भी किया जाता है। डॉ. गर्ग ने अभिभावकों के सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार दिए जा सकते हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास से ही विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखना सुखद: शिल्पी गर्ग

ko

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल की प्रबंधिका शिल्पी गर्ग ने अपने उद्बोधन में कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देते देखना अत्यंत सुखद और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है और शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने विचारों को अभिव्यक्त करना सीखते हैं। शिल्पी गर्ग ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विद्यालय इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे बच्चों की प्रतिभा को उचित दिशा मिल सके। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्थन से ही विद्यालय बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में सफल हो पा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *