ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठन, पुजारियों को मानदेय और स्वर्ण आयोग बनाने की उठी मांग

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (भारत) काशीपुर इकाई ने भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर विभिन्न मांगों को लेकर महापौर दीपक बाली के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम एक मांग-पत्र प्रेषित किया। मांग-पत्र में महासभा ने राज्य सरकार से अनुरोध किया है कि अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तराखंड में भी भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को उत्सव मनाने का अवसर मिल सके। इसके साथ ही संगठन ने प्रदेश में ब्राह्मण समाज के हितों को ध्यान में रखते हुए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग की है। महासभा का कहना है कि इससे समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण और विकास को नई दिशा मिल सकेगी। मांग-पत्र में केंद्र सरकार से भी अपील की गई है कि स्वर्ण वर्ग के हितों की रक्षा हेतु सनातन धर्म रक्षा बोर्ड अथवा स्वर्ण आयोग का गठन किया जाए, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक हितों को संरक्षित किया जा सके। इसके अतिरिक्त महासभा ने काशीपुर समेत पूरे प्रदेश के मंदिरों में कार्यरत पुजारियों के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रतिमाह 5 हजार रुपये का मानदेय निर्धारित करने की मांग भी उठाई है। प्रदेश अध्यक्ष पं. सुरेश चन्द्र शर्मा एवं नगर अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने उम्मीद जताई कि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक विचार करेगी और आवश्यक कदम उठाएगी।

