कक्षा 10वीं में 90% से अधिक अंक लाकर विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव, वर्तिका चौहान ने 95% के साथ किया टॉप
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। मुरादाबाद रोड स्थित जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर ने एक बार फिर उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम प्रस्तुत करते हुए सीबीएसई कक्षा 10वीं की परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने न केवल उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए, बल्कि काशीपुर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम भी लहराया। विद्यालय की छात्रा वर्तिका चौहान ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया और सभी को गौरवान्वित किया। इसके अतिरिक्त अंतस गुप्ता एवं चैतन्य ने 93 प्रतिशत, हम्माद ने 92.8 प्रतिशत, भावेश दीक्षित ने 92 प्रतिशत, विधाता सारंग ने 91.8 प्रतिशत तथा शताक्षी पाठक ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने अभिभावकों एवं विद्यालय का नाम रोशन किया। इस वर्ष के परिणामों में उल्लेखनीय बात यह रही कि लगभग 30 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि शेष 21 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से ऊपर अंक अर्जित किए। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठोर मेहनत, समर्पण एवं विद्यालय में प्रदान की जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रत्यक्ष प्रमाण है। विद्यालय के इस शानदार परिणाम पर प्रबंधन समिति ने हर्ष व्यक्त किया। संस्थापक नीरज अग्रवाल, प्रबंध निदेशक आकर्ष अग्रवाल, सह-संस्थापक सोनल अग्रवाल, को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल तथा प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, शिक्षकों की मेहनत एवं मार्गदर्शन की भी सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को निरंतर प्रगति की दिशा में एक और सशक्त कदम बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

