बारिश और व्यवस्थागत समस्याओं से प्रभावित कारोबारियों को राहत देने का आग्रह
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। श्री चैती मेला की अवधि एक सप्ताह और बढ़ाए जाने को लेकर महापौर दीपक बाली ने जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर को पत्र प्रेषित किया है। महापौर ने मेले से जुड़े व्यापारियों को हुए आर्थिक नुकसान का हवाला देते हुए मेला अवधि बढ़ाने की मांग की है। अपने पत्र में महापौर ने उल्लेख किया कि 19 मार्च से 17 अप्रैल 2026 तक आयोजित मेले के शुरुआती चार दिनों में भारी बारिश के कारण गतिविधियां प्रभावित रहीं। इसके अलावा एलपीजी गैस से संबंधित समस्याओं के चलते भी श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। इसका सीधा असर मेला परिसर में लगे झूले, मनोरंजन साधनों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पड़ा, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। महापौर दीपक बाली ने कहा कि वर्तमान में नगर क्षेत्र के निवासी एवं किसान बड़ी संख्या में मेले की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में यदि मेला अवधि को बढ़ाया जाता है, तो व्यापारियों को राहत मिलने के साथ-साथ मेले की रौनक भी पुनः बढ़ सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि मेला अवधि को 18 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की जाए। साथ ही विस्तारित अवधि में कार्यरत ठेकेदारों और एजेंसियों से अतिरिक्त शुल्क न लिए जाने का भी सुझाव दिया है। अब इस प्रस्ताव पर प्रशासनिक निर्णय का इंतजार है। अनुमति मिलने पर मेले के पुनः पूरे उत्साह के साथ संचालित होने की संभावना जताई जा रही है।



