स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल में पांच दिवसीय इंटर हाउस क्रिकेट लीग का शानदार आगाज़

पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रैटेन वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को पांच दिवसीय इंटर हाउस क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर विद्यालय परिसर में खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने जोश और उमंग के साथ मुकाबलों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र भारद्वाज ने सिक्का उछालकर टॉस के माध्यम से किया। वहीं विद्यालय प्रबंधिका हरप्रीत कौर एवं सह-प्रबंधिका शिरिन कौर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
पहले मुकाबले में मून शैडो की शानदार जीत
प्रतियोगिता का पहला मैच मून शैडो और ट्रेल ब्लेजर टीमों के बीच खेला गया। टॉस ट्रेल ब्लेजर के कप्तान ने जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए मून शैडो टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 75 रन बनाकर मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के कप्तान लव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 76 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रेल ब्लेजर टीम मून शैडो के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 35 रन पर सिमट गई। मून शैडो की ओर से विनीत भट्ट ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कप्तान लव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में स्टार लाइट ने मारी बाज़ी
दिन का दूसरा मुकाबला स्टार लाइट और स्ट्राम ब्रिंगर टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर स्टार लाइट टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 60 रन बनाए और प्रतिद्वंद्वी टीम के सामने 61 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्ट्राम ब्रिंगर टीम निर्धारित 10 ओवरों में 48 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। स्टार लाइट की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए मयंक गौतम ने 3 विकेट हासिल किए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

खेल भावना और प्रतिभा निखारने का मंच
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास को विकसित करती हैं। पांच दिनों तक चलने वाली इस इंटर हाउस क्रिकेट लीग में आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *