विद्यार्थियों को आदर्शों पर चलने का संदेश, शिक्षा क्षेत्र में योगदान को किया याद
काशीपुर काशीपुर वार्ता। डीडीएम डीएवी पब्लिक स्कूल काशीपुर में आज शनिवार को महात्मा हंसराज जी की जयंती बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का संचालन आरती चौधरी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे द्वारा दीप प्रज्वलन एवं गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. चौबे ने कहा कि महात्मा हंसराज जी का जीवन प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 की छात्रा संप्रदा ने महात्मा हंसराज जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे आर्य समाज के प्रमुख कार्यकर्ताओं में से एक थे। उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के सिद्धांतों को अपनाते हुए उनके विचारों के प्रसार में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। संप्रदा ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय रहा है और उन्होंने दयानंद एंग्लो वैदिक विद्यालयों की स्थापना कर समाज को नई दिशा दी। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और शिक्षा के महत्व को लेकर नई चेतना का संचार किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण धर्मराज बिष्ट, अमित नेगी, उमेश शर्मा, समता भटनागर, सप्तिंदरजीत कौर, एसपी मौर्य, शुभांग रमन, श्रीनिवास जोशी, संतोषी जोशी, सचिन कुमार, हीरा सिंह सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।



