सूर्या फाउंडेशन के आयोजन में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया सम्मानित

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। ग्राम करनपुर स्थित सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर में सूर्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित 10 दिवसीय ग्रामीण व्यक्तित्व विकास शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान हरिओम सुधा उपस्थित रहे। इसके अलावा परितोष मिश्रा, सूर्या रोशनी लिमिटेड, रेखा तिवारी, विद्यालय प्रधानाचार्य देवकीनंदन, लक्ष्मी भंडारी, क्षेत्र प्रमुख हिमांशु, स्वरोजगार प्रमुख भरत साह, कंप्यूटर शिक्षिका अमनदीप कौर, प्रिया, हेमा, संध्या कोहली सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। शिविर के दौरान बच्चों ने चित्रकला, मानचित्र निर्माण, आर्ट एंड क्राफ्ट, कबाड़ से जुगाड़, भाषण प्रतियोगिता, मिट्टी के खिलौने निर्माण, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दस दिनों तक चले इस शिविर में बच्चों को अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, नृत्य और लघु नाटिकाओं को खूब सराहा गया। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्रधानाचार्य देवकीनंदन ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को नई दिशा देते हैं। वहीं ग्राम प्रधान हरिओम सुधा ने सूर्या फाउंडेशन द्वारा गांव में संचालित शैक्षिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।


