प्रगति कॉलेज ऑफ फार्मेसी की फेयरवेल पार्टी में दिखा उत्साह का रंग

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं ने बांधा समां, प्रिंस और प्रियंका बने मिस्टर-मिस फ्रेशर

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जसपुर रोड स्थित प्रगति कॉलेज ऑफ फार्मेसी में गत दिवस शनिवार को नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, डांस एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से समां बांध दिया। पूरे समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है और शिक्षा सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत, लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रिंस को मिस्टर फ्रेशर, प्रियंका को मिस फ्रेशर, गुरनाम को मिस्टर स्पार्क तथा प्रीति पाल को मिस स्पार्क चुना गया। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। प्रगति फार्मेसी कॉलेज की प्रधानाचार्या आकांक्षा चौहान ने नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।  उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर इसे यादगार बना दिया। वहीं विशिष्ट अतिथि एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रबंधन महासंघ के अध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर जितेंद्र देवलाल, अवनीश चौहान, फैकल्टी सदस्य भास्कर, विजय, शबनम, फिरोज, देवेश, गुलाफ्शां सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कॉलेज के चेयरमैन डॉ. नरेश चौहान ने दी नवागुंतक छात्र-छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं

काशीपुर। (कशीपुर वार्ता)। कॉलेज के चेयरमैन एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. नरेश चौहान ने सभी नवागुंतक छात्र-छात्राओं को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फेयरवेल पार्टी केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर इसे यादगार बना दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कॉलेज परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।

कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. तनु चौहान ने बताया कि यह फेयरवेल पार्टी बी. फार्मा एवं डी. फार्मा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा द्वितीय वर्ष डिप्लोमा के विद्यार्थियों को दी गई। उन्होंने बताया कि यह परंपरा पिछले नौ वर्षों से लगातार निभाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत : सीमा चौहान

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन को नई दिशा देने का माध्यम है और विद्यार्थी यदि मेहनत, अनुशासन तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमती है। सीमा चौहान ने कहा कि आज के युवा केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और देश की उम्मीद हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच ही जीवन में आगे बढ़ने का मूल मंत्र है। उन्होंने प्रगति कॉलेज परिवार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समरसता की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *