स्ट्रेटेन वर्ल्ड स्कूल में मदर्स डे पर मातृत्व को समर्पित कार्यक्रम आयोजित

विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों और सम्मान समारोह ने जीता सभी का दिल

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित स्ट्रेटेन वर्ल्ड स्कूल में मदर्स डे बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भावनात्मक वातावरण के बीच मनाया गया। मातृत्व, ममता और सम्मान को समर्पित इस विशेष आयोजन में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय दिखाई दे रहा था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधिका हरप्रीत कौर सैनी, शिरीन सैनी एवं प्रधानाचार्य सुरेंद्र भरद्वाज ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। मदर्स डे के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। किंडरगार्टन के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के लिए आकर्षक मदर्स डे कार्ड तैयार किए, जिन्हें देखकर अभिभावक भावुक हो उठे। वहीं जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने हस्तनिर्मित गुलदस्ते बनाकर अपनी रचनात्मकता और प्रेम का सुंदर प्रदर्शन किया। कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए “मदर्स डे” विषय पर अंग्रेज़ी रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में लघु कथाएँ, कविताएँ एवं अन्य रचनात्मक लेख प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की भावनात्मक एवं प्रभावशाली रचनाओं ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न माध्यम से माताओं के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रतियोगिताओं एवं विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने अपनी माताओं को उपहार भेंट कर मदर्स डे की शुभकामनाएँ दीं। इस भावनात्मक पल ने कार्यक्रम को और अधिक यादगार बना दिया।

माँ के संस्कार ही समाज को सशक्त बनाने की आधारशिला : हरप्रीत कौर

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। स्ट्रेटेन वर्ल्ड स्कूल में आयोजित मदर्स डे समारोह के अवसर पर विद्यालय प्रबंधिका हरप्रीत कौर ने कहा कि माँ बच्चों की पहली गुरु होती है और उनके द्वारा दिए गए संस्कार ही बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि एक संवेदनशील, संस्कारित एवं सशक्त समाज की नींव माताओं के आदर्शों और मार्गदर्शन पर ही आधारित होती है। हरप्रीत कौर ने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार के आयोजन बच्चों में पारिवारिक मूल्यों, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी माताओं के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ प्रेम का सदैव सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों ने मातृत्व के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव को सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। प्रेम, सम्मान और मातृत्व की भावनाओं से ओत-प्रोत यह आयोजन सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *