एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी में हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे

बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और माताओं की रैम्प वॉक ने बांधा समां

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल अकेडमी में मदर्स डे बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं भावनात्मक वातावरण के बीच मनाया गया। मातृत्व, ममता और सम्मान को समर्पित इस विशेष आयोजन में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकगणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय दिखाई दे रहा था।।कार्यक्रम का शुभारंभ अकेडमी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह एवं चेयरपर्सन नवनीत कौर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह के दौरान बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। नृत्य, गीत एवं अन्य मनमोहक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों ने माँ के प्रति अपने प्रेम, सम्मान और भावनाओं को अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी अभिभावकों का मन मोह लिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में माताओं की रैम्प वॉक बनी आकर्षण का केंद्र

कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। कार्यक्रम के दौरान आयोजित माताओं की रैम्प वॉक आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। जैसे ही माताएँ आत्मविश्वास और मुस्कान के साथ मंच पर उतरीं, बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस विशेष प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया।

बच्चों ने माताओं को उपहार देकर व्यक्त किया प्रेम

कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। समारोह के अंत में बच्चों ने अपनी माताओं को उपहार एवं शुभकामना संदेश देकर मदर्स डे की बधाई दी। माताओं ने भी अपने बच्चों को प्यार, आशीर्वाद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रदान कीं। कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक क्षण भी देखने को मिले, जब बच्चों और माताओं ने एक-दूसरे के प्रति अपने स्नेह और अपनत्व को व्यक्त किया।

मां बच्चों की पहली गुरु: चेयरमैन सुखविंदर सिंह

विद्यालय के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने कहा कि माँ बच्चों की पहली गुरु होती है और उनके संस्कार ही समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में पारिवारिक मूल्यों, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधसनाचार्य जॉनसन शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। प्रेम, सम्मान और भावनाओं से ओत-प्रोत यह आयोजन सभी के लिए यादगार बन गया।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *