जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल काशीपुर में 29 व 30 मई को दो दिवसीय कथक वर्कशॉप

सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना हंसवी टोंक के मार्गदर्शन में वर्कशॉप, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व प्रोफेशनल वीडियो भी दिए जाएंग

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय नृत्य कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में आगामी 29 और 30 मई को दो दिवसीय कथक डांस वर्कशॉप का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष कार्यशाला सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना हंसवी टोंक के विशेषज्ञ मार्गदर्शन में आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागियों को कथक नृत्य की विभिन्न विधाओं एवं तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यशाला सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए खुली रहेगी। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को प्राथमिकता देता रहा है। इसी उद्देश्य से इस विशेष वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंनेबताया कि कार्यशाला में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की प्रोफेशनली एडिटेड वीडियो एवं आकर्षक फोटोग्राफ्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को अपनी कला को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कथक भारतीय शास्त्रीय नृत्य की एक अत्यंत समृद्ध एवं लोकप्रिय शैली है, जिसमें भाव, ताल और अभिव्यक्ति का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है।

विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना हंसवी टोंक जैसी प्रतिष्ठित कथक कलाकार के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर साबित होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *