संस्कृत गीत प्रस्तुति में प्रथम, हिंदी गीत में द्वितीय स्थान हासिल कर बढ़ाया विद्यालय का गौरव
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। भारत विकास परिषद, काशीपुर शाखा की ओर से 26 अगस्त 2026 को आयोजित राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में नगर के नौ विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की कक्षा 6 से 9 तक की छात्राओं की टोली ने अपनी सुमधुर सामूहिक गायन प्रस्तुति, सुर-ताल के उत्कृष्ट समन्वय और आत्मविश्वास से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। विद्यालय की ओर से भाव्या ग्रोवर, कृतिका बोरा, सिमरन मल्होत्रा, प्राची, आशना बाठला, प्रभलीन कौर, सिमरन बख्शी एवं समृद्धि बख्शी ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने संस्कृत गीत प्रस्तुति में प्रथम स्थान तथा हिंदी गीत प्रस्तुति में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सभी विद्यालयों के प्रतिभागियों के संयुक्त मूल्यांकन में द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल ने द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की चेयरपर्सन चंपा कपूर, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर, डायरेक्टर डॉ. वसुधा कपूर, प्रधानाचार्या मीनल बधवार, संयुक्त प्रबंध निर्देशिका कामाक्षी कपूर एवं उप-प्रधानाचार्या शुभांगी शर्मा ने विजेता छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के अनुशासन, निरंतर मेहनत, नियमित रियाज़ और गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय प्रबंधन ने गतिविधि प्रमुख रिशु गुसाईं के नेतृत्व तथा संगीत शिक्षक दीपक त्रिपाठी एवं सुहैब अहमद के अथक परिश्रम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता विद्यालय की समृद्ध सांस्कृतिक एवं संगीत परंपरा को दर्शाती है। विद्यालय परिवार ने विजेता छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपनी कला, अनुशासन और संगीत साधना के बल पर भविष्य में भी विद्यालय का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की असली कुंजी: डॉ. नीरज कपूर
कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में छात्राओं की उपलब्धि पर चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर ने दी शुभकामनाएं
द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर ने कहा कि राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं द्वारा संस्कृत गीत प्रस्तुति में प्रथम तथा हिंदी गीत प्रस्तुति में द्वितीय स्थान प्राप्त करना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। यह सफलता छात्राओं की प्रतिभा के साथ-साथ उनके अनुशासन, कठिन परिश्रम, नियमित रियाज़ और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगीत केवल कला की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है। समूहगान में उत्कृष्ट प्रदर्शन यह दर्शाता है कि सामूहिक प्रयास और आपसी समन्वय से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।
डॉ. कपूर ने सभी विजेता छात्राओं, गतिविधि प्रमुख रिशु गुसाईं तथा संगीत शिक्षकों दीपक त्रिपाठी और सुहैब अहमद को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्राएं भविष्य में भी अपनी प्रतिभा से विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगी।





