भारत विकास परिषद के तत्वावधान में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिए स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझा
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर में शुक्रवार को छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता को लेकर भारत विकास परिषद के तत्वावधान में एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। विद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरावस्था में होने वाले बदलावों के प्रति छात्राओं को जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉक्टर रिची सोलंकी ने छात्राओं को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और पर्याप्त नींद के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण होता है, जिसमें शरीर और मानसिकता में कई सकारात्मक परिवर्तन होते हैं। ऐसे समय में जंक फूड से दूरी बनाकर पौष्टिक एवं संतुलित भोजन ग्रहण करना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने छात्राओं से मोबाइल फोन के सीमित और नियंत्रित उपयोग का आग्रह करते हुए कहा कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि यदि शरीर को स्वस्थ रखना है तो अनुशासित जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। इस अवसर पर डॉ नम्रता अग्रवाल ने छात्राओं को “गुड टच” और “बैड टच” के बारे में जागरूक किया। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों को स्वाभाविक बताते हुए छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और आत्मविश्वास ही किसी भी समस्या से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। सत्र के दौरान छात्राओं ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं सहज भाषा में उत्तर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं ने इस सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत विकास परिषद के सदस्यों ने भी विद्यालय प्रबंधन की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। इस अवसर पर विद्यालय की सभी को-ऑर्डिनेटर एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
छात्राओं की जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाना समय की आवश्यकता : रिशिता सक्सेना अग्रवाल

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल ने छात्राओं के लिए आयोजित स्वास्थ्य एवं जागरूकता सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में बच्चों, विशेषकर किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे सत्र छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सही और गलत की पहचान करने की क्षमता भी प्रदान करते हैं। संतुलित आहार, अनुशासित दिनचर्या, मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे विषय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से सीधे जुड़े हैं। उन्होंने भारत विकास परिषद एवं उपस्थित चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।



