डॉ. रवि सहोता ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के दिए महत्वपूर्ण टिप्स, चिकित्सीय टीम ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहोता मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं न्यूरो ट्रामा सेंटर के प्रबंधक एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सहोता उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने तथा नियमित दिनचर्या का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह, निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. रवि सहोता ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का अत्यधिक समय मोबाइल, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर व्यतीत हो रहा है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन व्यायाम, योग एवं खेलकूद गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी। साथ ही पौष्टिक भोजन, पर्याप्त नींद और स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। डॉ. रवि सहोता ने बच्चों को जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक्स से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है। उन्होंने बच्चों को हाथ धोने की सही विधि, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में भी जागरूक किया। शिविर के दौरान बच्चों ने स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. सहोता ने सरल और रोचक तरीके से उत्तर दिया।

इस दौरान सहोता हॉस्पिटल से आई चिकित्सीय टीम ने विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों का वजन, लंबाई, दांत, कान एवं आंखों की जांच भी की गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों को नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व से भी अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने स्वास्थ्य संबंधी शपथ लेते हुए स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित यह स्वास्थ्य जागरूकता शिविर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायी साबित हुआ

बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए जागरूकता जरूरी : सुबोध कुमार सिंह

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने स्वास्थ्य जागरूकता शिविर के सफल आयोजन पर मुख्य अतिथि डॉ. रवि सहोता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉक्टर द्वारा दिए गए स्वास्थ्य संबंधी सुझावों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और अनुशासित दिनचर्या स्वस्थ जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षिक विकास ही नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
स्वस्थ विद्यार्थी ही राष्ट्र की सच्ची शक्ति : अमित सिंह

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजेल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमित सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का उत्तम स्वास्थ्य भी अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ शरीर और सकारात्मक मानसिकता ही बच्चों को जीवन में सफलता की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी हो गया है, इसलिए विद्यालय समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को भी सुनिश्चित करना है। स्वास्थ्य जागरूकता शिविर जैसे कार्यक्रम बच्चों में स्वच्छता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं। अमित सिंह ने विद्यार्थियों से संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सकारात्मक दिनचर्या अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही उज्ज्वल समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं।




