सूर्या रोशनी काशीपुर में अत्याधुनिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट लैब और एयर डिलीवरी रूम का उद्घाटन

काशीपुर प्लांट में जल्द शुरू होगा पंखों का निर्माण, नई तकनीक और गुणवत्ता परीक्षण से बढ़ेगी उत्पादन क्षमता

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सूर्या रोशनी लिमिटेड, काशीपुर ने गुणवत्ता एवं आधुनिक तकनीक की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए गत दिवस शुक्रवार को अत्याधुनिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आरएंडडी) लैब और एयर डिलीवरी रूम का शुभारम्भ किया। शुक्रवार को आयोजित भव्य समारोह में सूर्या लाइटिंग एंड होम एप्लायंसेज के सीईओ वसु मित्रा पाण्डेय ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इस आधुनिक परीक्षण सुविधा का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में दिल्ली हेड ऑफिस की टीम सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 20 शीर्ष डिस्ट्रीब्यूटर्स और 75 सदस्यीय सेल्स टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अतिथियों एवं डीलरों को प्लांट की उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली तथा नई तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। कंपनी द्वारा स्थापित यह आरएंडडी लैब और एयर डिलीवरी रूम विशेष रूप से सीलिंग फैन एवं अन्य पंखों की एयर डिलीवरी क्षमता और एयर क्वालिटी की सटीक जांच के लिए तैयार किया गया है। अत्याधुनिक परीक्षण कक्ष में पंखों द्वारा उत्पन्न हवा की गति, हवा की मात्रा, मोटर की कार्यक्षमता, ऊर्जा दक्षता, कंपन तथा शोर स्तर जैसे महत्वपूर्ण मानकों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जाएगी।
कंपनी प्रबंधन ने बताया कि काशीपुर प्लांट में अब पंखों के निर्माण कार्य की भी शुरुआत की जाएगी। इसके लिए प्लांट में आधुनिक मशीनों, परीक्षण उपकरणों और गुणवत्ता जांच प्रणालियों की स्थापना की जा रही है। आने वाले समय में यहां से उच्च गुणवत्ता वाले सीलिंग फैन एवं अन्य प्रकार के पंखों का उत्पादन किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा कंपनी की उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उद्घाटन समारोह में प्लांट हेड शुभम चमोली, टेक हेड मनीष गुप्ता, सीजीएम एचआर हेड संजीव कुमार एवं सीओ आशुतोष मिश्रा सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस नई सुविधा को कंपनी की गुणवत्ता सुधार यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं डिस्ट्रीब्यूटर्स ने कंपनी की तकनीकी पहल और गुणवत्ता सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। दिल्ली हेड ऑफिस से आए अधिकारियों ने भी इस सुविधा को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण निवेश बताया।
अपने संबोधन में सूर्या लाइटिंग एंड होम एप्लायंसेज के सीईओ वसु मित्रा पाण्डेय ने कहा कि सूर्या रोशनी लिमिटेड सदैव ग्राहकों को विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और उन्नत गुणवत्ता परीक्षण प्रणाली के माध्यम से कंपनी आने वाले समय में फैन मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी नए मानक स्थापित करेगी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं प्लांट विजिट के साथ हुआ, जहां अतिथियों ने उत्पादन इकाइयों और नई परीक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *