केवीआर हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों का किया परीक्षण, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का दिया संदेश

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। नगर के आवास विकास कॉलोनी स्थित ब्लूमिंग किड्स अकेडमी में केवीआर हॉस्पिटल के सहयोग से गत दिवस शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक बनाना तथा उनके बेहतर शारीरिक विकास को सुनिश्चित करना था। विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर में केवीआर हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सीय टीम ने विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कुशल अग्रवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कनिका अग्रवाल, डॉ. महबूब अली एवं अन्य चिकित्सा कर्मियों ने बच्चों की आंखों, दांतों, ऊंचाई, वजन, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य मानकों की जांच की। साथ ही विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छता बनाए रखने संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए। चिकित्सकों ने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण बेहद आवश्यक है। समय-समय पर जांच होने से बीमारियों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर हो जाती है, जिससे उचित उपचार संभव हो पाता है। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की अभिभावकों ने सराहना करते हुए इसे बच्चों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो सराहनीय है। इस अवसर पर केवीआर हॉस्पिटल के बिजनेस हेड मोहित वोहरा भी मौजूद रहे।
प्रधानाचार्या शुभांगी तिवारी ने केवीआर हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। ब्लूमिंग किड्स अकेडमी की प्रधानाचार्या शुभांगी तिवारी ने केवीआर हॉस्पिटल प्रबंधन एवं चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा बच्चों को स्वस्थ एवं जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
स्वस्थ विद्यार्थी ही उज्ज्वल भविष्य की नींव : सुशील शर्मा

कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। ब्लूमिंग किड्स अकेडमी के प्रबंधक सुशील शर्मा ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य ही उनके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है। विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक हो गई है, जिससे किसी भी स्वास्थ्य समस्या की समय रहते पहचान कर उचित परामर्श और उपचार दिया जा सके। उन्होंने केवीआर हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। 



