“रक्तदान—महादान” थीम पर होगा आयोजन, जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा संबल
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर में 29 मई 2026 को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर विद्यालय परिसर में प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य थैलेसीमिया एवं अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराना है। विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि “रक्तदान—महादान” थीम पर आयोजित यह शिविर सामाजिक सरोकार और मानव सेवा की भावना को समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन देने के समान है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस पुण्य कार्य में सहभागिता करनी चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी, काशीपुर धीरेंद्र कुमार साहू उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. अनिल कुमार सक्सेना होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में गौरव चौधरी एवं डॉ. अमनदीप सिंह सोढ़ी शामिल रहेंगे। यह शिविर जसपुर ब्लड सेंटर एवं आध्यात्मिक चेतना संस्थान, बाजपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने नागरिकों, अभिभावकों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। “रक्तदान—जीवनदान” विद्यालय प्रशासन ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जिंदगियों को बचाने में सहायक बन सकता है। ऐसे में सभी स्वस्थ नागरिकों को इस मानवीय अभियान का हिस्सा बनकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।






