उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में मनाई गई पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती

विद्यालय के अभिलेखों में आज भी सुरक्षित है उनकी हस्तलिखित प्रोसिडिंग

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में महान स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्र निर्माता एवं भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता समेत शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पंत जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पं. गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पंत जी उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रथम संस्थापक एवं अवैतनिक मंत्री रहे थे। विद्यालय के अभिलेखों में आज भी उनके द्वारा हस्तलिखित प्रोसिडिंग सुरक्षित है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों की मौजूदगी में पंत जी द्वारा हस्तलिखित प्रोसिडिंग को पढ़कर सुनाया। उन्होंने बताया कि पंत जी की जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाली डॉक्यूमेंट्री में उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज को भी प्रमुखता से दिखाया जाता है। उन्होंने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत का विद्यालय से जुड़ाव समूचे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने पंत जी के जीवन चरित्र, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान तथा स्वतंत्र भारत के राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्र मौ. जैद ने कर्तव्य, निष्ठा और समर्पण की भावना से स्वतंत्र भारत के निर्माण में योगदान देने वाले पंत जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस दौरान मेजर मुनीशकांत शर्मा, महेश चंद्र आर्या, रणधीर सिंह, दीपक शर्मा, कौशलेश कुमार गुप्ता, मुकेश कुमार पाल, मनोज कुमार शर्मा, प्रमोद कुमार, राजेंद्र कुमार जैन, मनोज कुमार विश्नोई, अमित वर्मा, मुकेश चंद्र आर्या, नीलम सूंठा, कल्पना नौडियाल, रंजना चौहान समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र मौजूद रहे।

 

 

👁 1,019 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *