अतिक्रमण हटाने के लिए नगर आयुक्त को जांच के निर्देश, शीघ्र जीर्णोद्धार का आश्वासन
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। अखिल भारतीय रुहेला क्षत्रिय महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राष्ट्रीय महामंत्री संजय रुहेला एडवोकेट के नेतृत्व में महापौर दीपक बाली से मुलाकात कर नगर के मोहल्ला कटोराताल स्थित रुहेला समाज की धर्मशाला एवं कुएं के जीर्णोद्धार तथा वहां से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को अवगत कराया कि समाज की धर्मशाला और कुआं लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हैं तथा परिसर में अतिक्रमण की समस्या भी बनी हुई है। इस पर महापौर दीपक बाली ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। महापौर बाली ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि रुहेला समाज की धर्मशाला एवं कुएं के जीर्णोद्धार के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्य में रुहेला समाज का जो भी सहयोग और योगदान होगा, उसे भी पूर्ण रूप से शामिल किया जाएगा। साथ ही समाज के उत्थान और विकास से जुड़े विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय रुहेला क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय रुहेला एडवोकेट के अलावा राष्ट्रीय सचिव विशाल रुहेला, कोषाध्यक्ष प्रेम रुहेला, विनीत रुहेला, सुनील रुहेला, राजीव रुहेला, प्रदीप रुहेला, कौशल रुहेला, पवन रुहेला, अर्जुन रुहेला, राजेंद्र रुहेला, सचिन रुहेला, अनिल रुहेला, मीत रुहेला, रुद्र रुहेला सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। ज्ञापन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर रुहेला समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर दीपक बाली का आभार व्यक्त किया।





