सूर्या फाउंडेशन ने 80 परिवारों को बांटे नि:शुल्क सब्जी बीज, पोषण वाटिका बनाने का दिया संदेश

करनपुर में आदर्श गांव योजना के तहत जैविक खेती और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए चलाया जागरूकता अभियान

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। सूर्या फाउंडेशन ने अपनी आदर्श गांव योजना के अंतर्गत ग्राम करनपुर में 80 परिवारों को नि:शुल्क सब्जियों के बीज वितरित कर प्रत्येक घर में पोषण वाटिका विकसित करने की पहल की। इस दौरान लौकी, भिंडी, फ्रेंच बींस एवं मूली के बीज वितरित किए गए, ताकि ग्रामीण अपने घरों के आसपास ताजी, शुद्ध एवं जैविक सब्जियां उगाकर परिवार के स्वास्थ्य और पोषण स्तर को बेहतर बना सकें। कार्यक्रम में ग्रामीणों को पोषण वाटिका और जैविक खेती के महत्व की जानकारी देते हुए रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने घर में पोषण वाटिका तैयार करे तो बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को वर्षभर पौष्टिक एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही इससे घरेलू खर्च में कमी आएगी और ग्रामीण आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। सूर्या फाउंडेशन के प्रतिनिधि भरत साह ने बताया कि संस्था वर्ष 2021 से लगातार विभिन्न गांवों में नि:शुल्क सब्जी बीज वितरण अभियान चला रही है। अब तक हजारों परिवारों को बीज उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवार इन बीजों से सब्जियां उगाने के साथ-साथ स्वयं भी बीज तैयार कर अन्य किसानों को उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे जैविक खेती का दायरा लगातार बढ़ रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान हरिओम सुधा ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर रवि साहनी, क्षेत्र प्रमुख हिमांशु सोराना, भरत साह, सुनील कुमार, अमनदीप कौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

👁 710 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *