एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी में गोयनकन्स ने लय और कला से बिखेरा प्रतिभा का रंग, मानवी नेगी ने जीता प्रथम पुरस्कार
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि वे केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। ‘एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी’ द्वारा आयोजित अंतरविद्यालय नृत्य प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न श्रेणियों में प्रथम एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में गोयनकन्स ने अपनी बेहतरीन लय, तालमेल, कलात्मक अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और मंचीय प्रस्तुति से निर्णायकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य की प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों का उत्साह और समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जिसे सभी ने सराहा। प्रतियोगिता में कक्षा तीन ‘एवरेस्ट’ की छात्रा मानवी नेगी ने जूनियर वर्ग की ‘डांसिंग ऑन व्हील्स’ सोलो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि दर्ज की। इसके अलावा विद्यालय के प्रतिभागियों ने अन्य श्रेणियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान सहित कई सम्मान अपने नाम किए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देते हैं। शिक्षा के साथ कला, संस्कृति और खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर करती है। इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
विद्यार्थियों की उपलब्धियां समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल, काशीपुर की प्रधानाचार्या मधुमिता बनर्जी ने अंतरविद्यालय नृत्य प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, कठोर परिश्रम, अनुशासन और विद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे समग्र शिक्षा वातावरण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
विद्यालय की को-एमडी रिशिता सक्सेना अग्रवाल कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है। नृत्य जैसी कलाएं बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास करती हैं, जो उनके व्यक्तित्व को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाती हैं।।उन्होंने विशेष रूप से विजेता छात्रा मानवी नेगी, सभी प्रतिभागियों, नृत्य प्रशिक्षक सोहित कुमार, तथा सहयोगी मनप्रीत एवं तान्या के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गोयनकन्स भविष्य में भी इसी लगन, उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ नई सफलताओं के कीर्तिमान स्थापित करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।


