पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की काशीपुर इकाई की बैठक सम्पन्न

पेंशनर्स की समस्याओं और स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई चर्चा, हर छह माह में शिविर लगाने का सुझाव

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की काशीपुर इकाई की बैठक रेलवे स्कूल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेलवे मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने की। बैठक में पेंशनर्स से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, स्वास्थ्य सुविधाओं और 8वें वेतन आयोग के समक्ष रखी गई मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इकाई अध्यक्ष एसपी गुप्ता और सचिव एसएस सिन्हा ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी एवं भारत पेंशनर्स समाज के बैनर तले 8वें वेतन आयोग को पेंशनर्स की ज्वलंत मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने ज्ञापन में उठाई गई मांगों और पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों की बैठक में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी की ओर से अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती होने वाले पेंशनर्स की देखभाल के लिए मेडिकल केयर टीम का गठन किया गया है। उन्होंने इसे पेंशनर्स के हित में महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल बताया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे रेलवे मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने सुझाव दिया कि केंद्रीय कार्यकारिणी की तर्ज पर काशीपुर इकाई में भी मेडिकल केयर टीम का गठन किया जाना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर अस्पताल में भर्ती पेंशनर्स को आवश्यक सहयोग और देखभाल मिल सके। उन्होंने रेलवे के इनपैनल्ड अस्पतालों के सहयोग से प्रत्येक छह माह में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित कराने का भी सुझाव दिया। रेलवे मजदूर यूनियन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है। जीवन में स्वास्थ्य ही सर्वोपरि है और समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराते रहने से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव है। इस दौरान रेलवे से इनपैनल्ड अनीता मेमोरियल अस्पताल के प्रतिनिधि सोनू वर्मा ने बैठक में मौजूद पेंशनर्स को अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में ओपीडी के साथ उपचार की विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के लिए एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। बैठक में सुभाष चंद्र घोषाल, वीरेंद्र सिंह पाल, संजय कुमार, मदनपाल सिंह, जेपी यादव, राजकुमार सिंह, कृष्ण कुमार शर्मा, कृष्ण पाल सिंह, जय किशोर शर्मा, आनंद प्रकाश गुप्ता, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।

 

👁 995 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *