तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश, विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां
काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया, जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ समारोह में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति के माध्यम से सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान, समर्पण और गौरव की भावना व्यक्त की। समारोह में विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट एवं प्रभावशाली पीटी प्रदर्शन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, प्रेरक भाषण तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। प्रस्तुतियों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित अतिथि, शिक्षक और अभिभावक भावविभोर हो उठे।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य डॉ. संतोष कुमार चौबे ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के वास्तविक महत्व को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और परिश्रम के बल पर हम 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित कर सकते हैं। वर्तमान समय देश के लिए अमृत काल का समय है और युवा पीढ़ी इस स्वर्णिम लक्ष्य की सबसे बड़ी शक्ति है।”
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की छात्राओं वैष्णवी एवं सभ्याक्षी ने प्रभावी ढंग से किया, जबकि समारोह के अंत में आरती चौधरी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक बृजेश रावल, धर्मराज बिष्ट, अमित नेगी, उमेश चंद्र शर्मा, सपिन्द्रजीत कौर, एस.पी. मौर्या, समता भटनागर सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समारोह राष्ट्रगान एवं मिठाई वितरण के साथ संपन्न हुआ।






