स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल में देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ध्वजारोहण के साथ गूंजा राष्ट्रगान, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। रामनगर रोड स्थित प्रतिष्ठित स्ट्रैटन वर्ल्ड स्कूल, काशीपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन गुरदयाल सिंह सैनी ने प्रबंधिका हरप्रीत सिंह सैनी, सहायक प्रबंधिका शिरीन सिंह, प्रिंसिपल सुरेंद्र भारद्वाज, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो उठा। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक सभी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। देशभक्ति थीम पर आधारित आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, जबकि गायन प्रतियोगिता में बच्चों ने देशभक्ति गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन गुरदयाल सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि “वही राष्ट्र भविष्य में सुरक्षित, समृद्ध और सशक्त बन सकता है, जिसके बच्चों के मन में देशभक्ति की भावना सदैव प्रफुल्लित रहती है। युवा पीढ़ी ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।”

विद्यालय की प्रबंधिका हरप्रीत सिंह सैनी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का दिन है, क्योंकि हम अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने बच्चों से देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। पूरे समारोह के दौरान बच्चों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार का उत्साह देखते ही बनता था। राष्ट्रप्रेम और अनुशासन की भावना से परिपूर्ण यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायी बन गया।

👁 2,415 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *