निगम समारोह में ध्वजारोहण, और शहीद परिवारों का सम्मान; विभिन्न समुदायों की भागीदारी ने दिया सामाजिक सद्भाव का संदेश
काशीपुर कशीपुर वार्ता। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशीपुर में नगर निगम के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रमों ने देशभक्ति, सामाजिक सद्भाव और जनसहभागिता का व्यापक संदेश दिया। नगर निगम कार्यालय परिसर में महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, राज्य मंत्री सीमा चौहान, पूर्व मेयर उषा चौधरी तथा नगर आयुक्त रविन्द्र सिंह बिष्ट ने पार्षदों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद नगर निगम सभागार में आयोजित समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों का भावपूर्ण स्मरण किया गया। शिखर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल फाउंडेशन और जी.बी. पंत इंटर कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों के साथ राज्य आंदोलनकारियों को भी अंगवस्त्र और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। नगर निगम के कार्यक्रमों के उपरांत महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल के नेतृत्व में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो वार्ड संख्या-25 स्थित अल्ली खां चौक पहुंची। यहां पहली बार लगभग 135 फीट ऊंचा विशाल राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात शमशुलउलूम जूनियर हाईस्कूल की छात्राओं ने प्रधानाचार्य रानी खान के नेतृत्व में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।
तिरंगा यात्रा और अल्ली खां चौक पर आयोजित कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने इसे सामाजिक भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का सकारात्मक प्रतीक बताया। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ तिरंगे को नमन किया गया।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि अल्ली खां चौक पर राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि शहर का विकास सभी क्षेत्रों और सभी समुदायों को साथ लेकर किया जाएगा तथा प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सुबह प्रभात फेरी से शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान पूरे नगर में देशभक्ति का वातावरण बना रहा। सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहे।







