मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ

ध्वजारोहण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरक संबोधनों से गूंजा विद्यालय परिसर

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर तिरंगे की शान और राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर नजर आया, जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों ने पूरे उत्साह के साथ समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं उत्तराखंड एथलेटिक्स सलेक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. विजेंद्र चौधरी रहे। उन्होंने विद्यालय की प्रबंधिका शिल्पी गर्ग के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान की सामूहिक प्रस्तुति और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना व्यक्त की। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से पूरा विद्यालय परिसर गुंजायमान हो उठा। ध्वजारोहण के उपरांत डॉ. विजेंद्र चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। नर्सरी और एलकेजी के बच्चों ने ‘नन्हा मुन्ना राही हूं’, जबकि यूकेजी के विद्यार्थियों ने ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा एक, दो और तीन के विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कक्षा चार की छात्रा भव्या जोशी ने अंग्रेजी तथा मन्नत गर्ग ने हिंदी में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रभावशाली भाषण दिए। दोनों छात्राओं की प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि डॉ. विजेंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने और ईमानदारी, अनुशासन तथा परिश्रम के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति है। विद्यालय की प्रबंधिका शिल्पी गर्ग ने विद्यार्थियों से सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलकर आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सभी को मिठाई वितरित की गई। देशभक्ति गीतों, भाषणों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा यह समारोह विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक सुदृढ़ कर गया।

थीम आधारित हाउस प्रतियोगिता में अचीवर्स हाउस बना विजेता

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के चारों हाउसों के मध्य थीम आधारित नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। अचीवर्स हाउस ने भगत सिंह के योगदान, प्रोग्रेसर हाउस ने जलियांवाला बाग, इनोवेटर हाउस ने 1857 की क्रांति तथा मोटिवेटर हाउस ने ‘विकसित भारत’ की थीम पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में अचीवर्स हाउस प्रथम, प्रोग्रेसर हाउस द्वितीय, इनोवेटर हाउस तृतीय और मोटिवेटर हाउस चतुर्थ स्थान पर रहा।

‘हर घर तिरंगा’ रैली ने जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा

प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकाली। यह रैली काशीपुर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर निगम तक पहुंची, जहां नागरिकों और व्यापारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति का संदेश दिया।

 

 

👁 1,546 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *