डीएवी पब्लिक स्कूल काशीपुर में स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार आयोजित

विद्यार्थियों को धूम्रपान एवं तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में आज गुरुवार को चाइल्ड हेल्थ केयर एनजीओ के सहयोग से कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्थ केयर एनजीओ के प्रतिनिधि श्री आशीष अवस्थी ने विद्यार्थियों को धूम्रपान एवं तंबाकू के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी गंभीर हानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थ न केवल व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं, बल्कि उसके मानसिक स्वास्थ्य, कार्यक्षमता एवं सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। आशीष अवस्थी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से नशे से सदैव दूर रहने तथा स्वस्थ खान-पान, नियमित व्यायाम, योग एवं सकारात्मक जीवनशैली को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी प्रेरित किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुँचाएँ। सेमिनार को और अधिक प्रभावी एवं संवादात्मक बनाने के लिए विद्यार्थियों को विषय से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका श्री आशीष अवस्थी ने सरल, रोचक एवं तथ्यपरक ढंग से उत्तर दिया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य एसके चौबे ने चाइल्ड हेल्थ केयर एनजीओ एवं आशीष अवस्थी का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं नशा मुक्त जीवन जीने का संदेश दिया। इस अवसर पर धर्मराज बिष्ट, माधवी बिष्ट, गीता उपाध्यक्ष अमित कुमार, आईडी पऺत आदि कक्षाअध्यापक उपस्थित रहे।

स्वस्थ शरीर, स्वस्थ विचार और नशामुक्त जीवन ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला: डॉ. एसके चौबे

कशीपुर। (कशीपुर वार्ता) विद्यालय के प्रधानाचार्य एस के चौबे ने अपने संदेश में कहा विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता भी आवश्यक है। धूम्रपान, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थ स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हैं और इनका प्रभाव व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन पर पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समय रहते जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा विद्यालय में आयोजित यह स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार विद्यार्थियों को स्वस्थ आदतें अपनाने तथा नशे से सदैव दूर रहने की प्रेरणा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे योग, व्यायाम, पौष्टिक आहार और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। साथ ही अपने परिवार और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएं। स्वस्थ विद्यार्थी ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।

 

👁 1,290 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *