डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा ने मोहा मन, नृत्य-नाटिका और दही-हांडी बनी आकर्षण का केंद्र

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल, काशीपुर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों और दही-हांडी कार्यक्रम ने समारोह में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने मधुर भजनों और कृष्ण स्तुतियों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। उनकी मनमोहक छवि ने उपस्थित जनों का ध्यान आकर्षित किया। समारोह में विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी बाल लीलाओं पर आधारित लघु नाटिका, नृत्य-नाटिका और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। माखन चोरी, गोवर्धन पर्वत धारण और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को विद्यार्थियों ने अभिनय एवं नृत्य के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही-हांडी एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही।

उत्साहपूर्ण गीतों के बीच विद्यार्थियों ने मानव-पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। आयोजन ने उनमें सहयोग, साहस, अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया। विद्यालय में राधा-कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक वेशभूषा के साथ अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित झांकियों तथा विद्यालय की आकर्षक सजावट ने समारोह की भव्यता बढ़ा दी। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं वंदना की। इस दौरान विद्यालय परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के साथ ही उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन एवं नैतिक मूल्यों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जन्माष्टमी समारोह विद्यार्थियों के लिए संस्कृति, संस्कार, आध्यात्मिकता और मनोरंजन से भरपूर यादगार अनुभव बन गया।

श्रीकृष्ण के उपदेशों को जीवन में उतारें विद्यार्थी : प्रधानाचार्य डॉ.एसके चौबे

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ.एसके चौबे ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन और उपदेशों में कर्म, सत्य, प्रेम, करुणा, मित्रता, त्याग और धर्म का गहरा संदेश निहित है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने गीता के माध्यम से निष्काम कर्म और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिए। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारना ही जन्माष्टमी मनाने की सार्थकता है।

👁 1,033 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *