सेपक टकरा में होली एंजल पब्लिक स्कूल की टीम ने लहराया परचम

अस्मिता लीग में शानदार प्रदर्शन कर हासिल किया तृतीय स्थान, खिलाड़ियों की मेहनत और टीम भावना की हुई सराहन

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। होली एंजल पब्लिक स्कूल, काशीपुर की सेपक टकरा टीम ने एक ओंकार स्कूल में आयोजित सेपक टकरा अस्मिता लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में टीम के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, आपसी तालमेल और मजबूत टीम भावना का परिचय देते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान होली एंजल पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और कठिन परिस्थितियों में भी बेहतर तालमेल ने दर्शकों एवं खेलप्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। टीम ने अपने दमदार खेल के बल पर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विद्यालय के चेयरमैन अमित सिंह ने सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, मेहनत और सकारात्मक सोच ही सफलता की आधारशिला है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी  प्रकार उत्साह और समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।  उन्होंने टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पीटीआई राहुल के उत्कृष्ट मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों की विशेष सराहना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में राहुल का योगदान सराहनीय रहा। सेपक टकरा टीम की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने पूरी टीम और पीटीआई राहुल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय के निदेशक-प्रधानाचार्य सुबोध कुमार सिंह ने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगन उन्हें भविष्य में भी सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। टीम की यह उपलब्धि सम्पूर्ण होली एंजल परिवार के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए खेलों के प्रति प्रेरणा का स्रोत भी है।

 

 

👁 1,061 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *