प्रतिभा के हर रंग को मंच देने की पहल, केपीसी संस्थापक महोत्सव का भव्य शुभारंभ

पहले दिन बौद्धिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, चार दिवसीय महोत्सव में ज्ञान, खेल, सृजन और नवाचार का होगा संगम

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यार्थियों की प्रतिभा को केवल पुस्तकीय ज्ञान और परीक्षा परिणामों तक सीमित न रखकर उसे खेल, सृजनात्मकता, नवाचार, संवाद और नेतृत्व के विविध अवसरों से जोड़ने की पहल के साथ कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर में मंगलवार को केपीसी संस्थापक महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव के प्रथम दिवस विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक एवं संचार आधारित प्रतियोगिताओं में अपनी बौद्धिक क्षमता, तर्कशक्ति, त्वरित निर्णय क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव गौरव चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रशांत पंडित, ऑक्सफोर्ड विद्यालय, काशीपुर की प्रधानाचार्या तान्या शोएब, ऑक्सफोर्ड विद्यालय, काशीपुर के प्रबंधक शोएब, बाल वाटिका पब्लिक स्कूल, काशीपुर की प्रधानाचार्या सृष्टि मेहरोत्रा तथा राधिका ड्रेसेज़ की स्वामिनी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया और उनके उत्साह, आत्मविश्वास तथा प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को केवल कक्षा-कक्ष तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और प्रदर्शित करने के लिए ऐसे मंच प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, संवाद कौशल, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गणमान्य अतिथियों ने कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के बहुआयामी महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही मंच पर ज्ञान, खेल, सृजनात्मकता और नवाचार को स्थान देना विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। अतिथियों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महोत्सव के प्रथम दिवस विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, वर्तनी, गणित, विज्ञान तथा अभिव्यक्ति आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया। कहीं कठिन प्रश्नों के उत्तर देने की होड़ दिखाई दी तो कहीं विद्यार्थियों ने अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिताओं के दौरान स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ विद्यार्थियों में सहयोग और सीखने की भावना भी दिखाई दी। इस महोत्सव की विशेषता यह है कि विद्यालय ने विभिन्न गतिविधियों को अलग-अलग आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें एक साझा मंच के अंतर्गत जोड़ा है। महोत्सव में ज्ञान एवं संचार, खेल, सृजनात्मकता, नवाचार और चुनौती जैसे विभिन्न आयामों को शामिल किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

समग्र अंक व्यवस्था बनेगी विशेष आकर्षण

कशीपुर (कशीपुर वार्ता)। महोत्सव में ‘संस्थापक लीग’ की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों और सदनों के प्रदर्शन को एक समग्र अंक व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। विभिन्न गतिविधियों में अर्जित अंकों के आधार पर अंत में समग्र विजेता सदन का निर्धारण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने, समूह भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलेगा। महोत्सव के अगले चरण में 27 अगस्त को खेल एवं आंतरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, शतरंज, कैरम तथा रस्सी कूद जैसी प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। 29 अगस्त को एथलेटिक्स के साथ सृजनात्मक एवं नवाचार आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव का भव्य समापन 31 अगस्त को होगा। अंतिम दिवस पर संस्थापक चुनौती’, जिसे महोत्सव की प्रमुख विशेष प्रतियोगिता के रूप में तैयार किया गया है, आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों की उपलब्धियों, कलाकृतियों और रचनात्मक कार्यों को प्रदर्शित करने वाली ‘संस्थापक प्रदर्शनी यात्रा’ आयोजित होगी। इसके पश्चात उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान के लिए भव्य सम्मान समारोह होगा, जिसमें नगर के गणमान्य अतिथियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। ‘हर प्रतिभा को एक मंच’ की भावना के साथ आयोजित केपीसी संस्थापक महोत्सव का पहला दिन विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिभा से परिपूर्ण रहा। पहले दिन की शानदार शुरुआत के साथ ही विद्यालय परिसर में आने वाले दिनों में खेल, सृजनात्मकता, नवाचार और प्रतिस्पर्धा का उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है।

चार दिन। अनेक प्रतिभाएं। एक साझा मंच।

केपीसी संस्थापक महोत्सव-2026।

शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं: डॉ. अनिल कुमार सक्सेना

कशीपुर (काहीपुर वार्ता)। विद्यालय के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार सक्सेना ने महोत्सव के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और जीवन कौशल का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि “संस्थापक महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे उचित मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना तथा एक-दूसरे से सीखने की प्रवृत्ति विकसित होती है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे अभिनव प्रयास करता रहेगा।”

हर विद्यार्थी की अपनी प्रतिभा, उसे मंच देना हमारा दायित्व: प्रतीक गोयल

काशीपुर (कशीपुर वार्ता)। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रतीक गोयल ने कहा कि इस महोत्सव की परिकल्पना इस विचार के साथ की गई है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा के अनुरूप मंच और अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक गतिविधि के माध्यम से सीखें, आत्मविश्वास विकसित करें, समूह के साथ कार्य करना सीखें और अपनी क्षमताओं को पहचानें। महोत्सव को ज्ञान, संवाद, खेल, सृजनात्मकता, नवाचार और चुनौती जैसे विभिन्न आयामों से जोड़ने का उद्देश्य विद्यार्थियों की विविध प्रतिभाओं को एक ही मंच पर सामने लाना है।”

👁 1,803 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *