श्रीराम संस्थान के बीसीए विभाग में भव्य फेयरवेल समारोह आयोजित, छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

उदयराज सिंह को मिस्टर फेयरवेल तथा हर्षिता दुर्गापाल को मिस फेयरवेल के खिताब से नवाजा

 

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के बहुउद्देशीय सभागार में आज बीसीए विभाग के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर्स (अंतिम वर्ष के छात्रों) के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम में कनिष्ठ छात्रों ने अपने सीनियर्स के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। समारोह के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। आकर्षक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने रैंप वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं मनोरंजक फन गेम्स ने सभी का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार, निदेशक प्रो. डॉ. योग राज सिंह एवं प्राचार्य डॉ. एसएस कुशवाहा द्वारा फीता काटकर एवं माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। संस्थान के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए विदा हो रहे छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। निदेशक प्रो. डॉ. योग राज सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच सफलता की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि आईटी सेक्टर वर्तमान समय में विश्व की रीढ़ बन चुका है, जहाँ करियर की अपार संभावनाएँ उपलब्ध हैं। प्राचार्य डॉ. एसएस कुशवाहा ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं हेतु धैर्य, लगन और आत्मविश्वास के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के आधार पर निर्णायक मंडल ने उदयराज सिंह को मिस्टर फेयरवेल तथा हर्षिता दुर्गापाल को मिस फेयरवेल के खिताब से सम्मानित किया। निर्णायक मंडल की भूमिका सह-प्राध्यापक शशांक गौड़ एवं सुरभि बंसल ने निभाई। समारोह को सफल बनाने में समस्त प्रवक्ताओं एवं छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष श्री रवीन्द्र कुमार, निदेशक प्रो. डॉ. योग राज सिंह, प्राचार्य डॉ. एसएस कुशवाहा, विभागाध्यक्ष (कंप्यूटर विज्ञान विभाग) बलविन्दर सिंह, समस्त प्रवक्ता गण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *