मंत्री मदन कौशिक ने डॉ. तन्नू और डॉ. नरेश चौहान को किया सम्मानित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व किफायती उपचार के प्रयासों को सराहा
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रगति कॉलेज ऑफ फार्मेसी एवं प्रगति हॉस्पिटल को प्रतिष्ठित जागरण आइकॉन अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया। शनिवार को बाजपुर रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. तन्नू चौहान और प्रगति हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. नरेश चौहान को यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. तन्नू चौहान और डॉ. नरेश चौहान ने निर्णायक मंडल का आभार व्यक्त किया। डॉ. तन्नू चौहान ने कहा कि फार्मेसी शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम और डिग्री तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी के साथ भविष्य के लिए तैयार करना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान कॉलेज के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और समूचे संस्थान के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। संस्था भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी। वहीं प्रगति हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ सर्जन डॉ. नरेश चौहान ने कहा कि चिकित्सा सेवा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उनका प्रयास है कि क्षेत्रवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं कम खर्च में उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि मरीजों के बेहतर उपचार के साथ उनकी संतुष्टि और विश्वास भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।
फार्मेसी कॉलेज की प्राचार्या आकांक्षा चौहान ने सम्मान पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज और हॉस्पिटल परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संस्थान से जुड़े प्रत्येक सदस्य को शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। कॉलेज एवं हॉस्पिटल के शिक्षकों, चिकित्सकों और स्टाफ सदस्यों ने भी डॉ. तन्नू चौहान एवं डॉ. नरेश चौहान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जागरण आइकॉन अवॉर्ड-2026 के रूप में मिली यह पहचान प्रगति संस्थान की निरंतर प्रगति और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।



