चंद्रमा की चांदनी में तैयार की औषधीय खीर, दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों से पहुंचे लोग
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्य बाजार स्थित श्रीराधेहरि धर्मार्थ आयुर्वैदिक औषधालय में परंपरागत रूप से औषधीय गुणों से युक्त खीर का वितरण किया गया। पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बाद वितरित की गई खीर ग्रहण करने के लिए श्वांस रोगियों की देर रात से ही औषधालय में भीड़ जुटने लगी। इस अवसर पर काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों के अलावा दिल्ली, पंजाब तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से भी लोग पहुंचे। औषधालय के वैद्य डॉ. राकेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि शरद पूर्णिमा की अर्धरात्रि में चंद्रमा की किरणों के बीच तैयार की जाने वाली औषधीय खीर को मां लक्ष्मी और चंद्रदेव को भोग अर्पित करने के बाद निर्धारित समय पर वितरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार इस खीर को श्वांस संबंधी समस्याओं के लिए लाभकारी माना जाता है। इसी मान्यता के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में रोगी इसे ग्रहण करने के लिए पहुंचते हैं। वहीं औषधालय के मंत्री अधिवक्ता संजीव कुमार शर्मा, बताया कि औषधालय में वर्षों से शरद पूर्णिमा पर इस आयोजन की परंपरा निभाई जा रही है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और रोगियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर औषधालय के मंत्री अधिवक्ता संजीव कुमार शर्मा, उपमंत्री कौशलेश गुप्ता, विपिन कुमार, दीपक कुमार, सर्वेश अग्रवाल, डॉ. सतीश कुमार, मनोज बिश्नोई सहित औषधालय के कर्मचारी मौजूद रहे।



