वार्षिक कार्निवल एवं गरबा डीजे नाइट में संस्कृति, संगीत, नृत्य और मनोरंजन का दिखेगा संगम
काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी, काशीपुर की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को वार्षिक कार्निवल एवं गरबा डीजे नाइट ‘रंग-2026’ का आयोजन किया जाएगा। शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में नृत्य, संगीत, गरबा, खान-पान और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक साथ उत्सव के रंगों से जोड़ने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को मनोरंजन के माध्यम से प्रस्तुत करना है। गरबा डीजे नाइट के दौरान प्रतिभागी संगीत और नृत्य के साथ उत्सव का आनंद उठा सकेंगे। वहीं कार्निवल में विभिन्न गतिविधियों और खान-पान की भी व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में लकी ड्रॉ का भी विशेष आकर्षण रहेगा। लकी ड्रॉ के माध्यम से प्रतिभागियों को मोबाइल फोन, दो रातों के निःशुल्क रिसॉर्ट पैकेज, टैबलेट, लैपटॉप सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए मनोरंजन के साथ पुरस्कार जीतने का भी रोमांच रहेगा।
विद्यालय के चेयरमैन सुखविंदर सिंह ने अधिक से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि ‘रंग-2026’ केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि मिलकर संस्कृति, उल्लास और सामूहिक सहभागिता का उत्सव मनाने का अवसर होगा। ‘रंग-2026’ का आयोजन एक ओंकार ग्लोबल एकेडमी परिसर में होगा। कार्यक्रम का समय शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है।
