काशीपुर के आवास विकास स्थित पंडित दीन दयाल पार्क में 54वें मां दुर्गा पूजा उत्सव का भव्य शुभारंभ

सूर्या रोशनी के यूनिट हेड शुभम चमोली ने पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन कर किया उद्घाटन

काशीपुर (काशीपुर वार्ता)। सार्वजनिक श्री दुर्गा उत्सव समिति की ओर से आवास विकास स्थित पंडित दीन दयाल पार्क में आयोजित 54वें मां दुर्गा पूजा उत्सव का बीती रात भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि सूर्या रोशनी लिमिटेड के यूनिट हेड शुभम चमोली ने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन कर उत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष संजय राय, उपाध्यक्ष मानवेंद्र दास और संदीप बनर्जी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि शुभम चमोली, वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा, पार्षद पुष्कर बिष्ट, पार्षद मनोज जग्गा और पूर्व पार्षद राजकुमार सेठी का बुके देकर स्वागत किया। आयोजन में मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुरेश शर्मा ने काशीपुर में मां दुर्गा पूजा उत्सव की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की शुरुआत वर्ष 1972 में रेलवे के मेडिकल ऑफिसर डॉ. एन.बी. शाह ने की थी। उस समय रेलवे स्टेशन परिसर में अध्यक्ष संजय राय के परिवार और अन्य सहयोगियों के सहयोग से दुर्गा पूजा का आयोजन शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि समय के साथ यह आयोजन रेलवे स्टेशन परिसर से रेलवे माल गोदाम परिसर, शुगर फैक्ट्री परिसर और टांडा उज्जैन स्थित बाबा गार्डन तक पहुंचा। पिछले कुछ वर्षों से आवास विकास स्थित पंडित दीन दयाल पार्क में उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पांच दशक से अधिक समय से जारी यह परंपरा काशीपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। कार्यक्रम में मंजू शर्मा, सी.एस. घोषाल, विजय पानी, दूध कुमार दास, अर्पणा दास, संजीव राय और मृणाल घोष सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

👁 29,501 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *